रायगढ़, 11 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में विद्यार्थियों के माध्यम से जनजागरूकता की गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में सेजेस कुंजेमुरा, पीएमश्री सेजेस कोड़ातराई एवं अभिनव विद्या मंदिर पुसौर के विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर सेवा, स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।

सेजेस कुंजेमुरा के विद्यार्थियों ने कुंजेमुरा बस्ती के हनुमान चौक में ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ नुक्कड़ नाटक का मंचन किया। विद्यार्थियों ने प्रभावी प्रस्तुति के माध्यम से सेवा और जनकल्याण से जुड़े विषयों को सामने रखा। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही। दर्शकों ने प्रस्तुति की सराहना की।

वहीं, अभिनव विद्या मंदिर पुसौर के विद्यार्थियों ने ग्राम गुडू में ‘स्वच्छता ही सेवा है’ विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की शुरुआत राधा-कृष्ण मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ हुई। विद्यार्थियों ने नाटक और देशभक्ति नृत्य के माध्यम से स्वच्छता का महत्व बताया। इसके बाद उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, प्राचार्य अक्षय कुमार सतपथी, नोडल अधिकारी सत्यम भोय, शिक्षक-शिक्षिकाओं और ग्रामीणों की सहभागिता रही। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ शिक्षक फूलचंद गुप्ता ने किया। इन आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों ने रचनात्मक प्रस्तुतियों के जरिए लोगों को सेवा और स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।

