नए युवा मतदाताओं के नाम जोड़ने पर जोर, फॉर्म-6 और ईसीआईनेट एप्लीकेशन की दी गई जानकारी

रायगढ़, 11 अक्टूबर 2026/ भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार रायगढ़ जिले में अक्टूबर माह में चलाए जा रहे विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान के तहत युवाओं और छूटे हुए पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों एवं मतदान केंद्रों पर मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदान का महत्व, मतदाता के अधिकार और पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

जानकी कॉलेज ऑफ एजुकेशन, धनुहारडेरा में विद्यार्थियों को ईसीआईनेट मोबाइल एप्लीकेशन के उपयोग तथा मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। सेंट टेरेसा कॉलेज, बोईरदादर में निर्वाचन साक्षरता क्लब के तत्वावधान में मतदाता जागरूकता शिविर एवं मतदाता शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को मतदान के महत्व की जानकारी देने के साथ ऐसे विद्यार्थियों की पहचान की गई, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। उनके पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 भरने तथा ईसीआईनेट एप्लीकेशन के माध्यम से आवेदन की प्रक्रिया की गई।
इसी तरह एरिसेंट महाविद्यालय, रायगढ़ में रंगोली कार्यक्रम के माध्यम से मतदाता जागरूकता का संदेश दिया गया, जबकि शासकीय महाविद्यालय जोबी में जागरूकता शिविर आयोजित कर विद्यार्थियों को मतदान एवं पंजीकरण संबंधी जानकारी दी गई। सेजेस कापू में सांसद राधेश्याम राठिया एवं जनप्रतिनिधियों के हाथों 17 वर्ष या उससे अधिक आयु के विद्यार्थियों को फॉर्म-6 वितरित किए गए।
ऑनलाइन आवेदन की सुविधा
विशेष अभियान के तहत पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए ईसीआईनेट मोबाइल एप्लीकेशन अथवा भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट “voters.eci.gov.in” (https://voters.eci.gov.in) के माध्यम से फॉर्म-6 भरकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अभियान का उद्देश्य जिले के सभी पात्र नागरिकों का मतदाता सूची में पंजीकरण सुनिश्चित करना है।

