चक्रधर समारोह में भूपेन्द्र साहू की प्रस्तुति में दिखी छत्तीसगढ़ी लोकसंस्कृति की रंगीन छटा

लोकगीत, लोकनृत्य, तीज-त्योहार और सांस्कृतिक परंपराओं के विविध रंगों से सजी रही प्रस्तुति

रायगढ़, 16 सितंबर 2026। अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त 41वें चक्रधर समारोह-2026 की तीसरी सांस्कृतिक संध्या में गरियाबंद के वरिष्ठ रंगकर्मी एवं कलाकार भूपेन्द्र साहू ने छत्तीसगढ़ी लोककला और संस्कृति से सजी भावपूर्ण प्रस्तुति देकर दर्शकों को अपनी लोक विरासत से रूबरू कराया। उनकी प्रस्तुति में छत्तीसगढ़ के लोकगीत, लोकनृत्य, तीज-त्योहार और सांस्कृतिक परंपराओं के विविध रंग देखने को मिले।

भूपेन्द्र साहू ने अपनी प्रस्तुति की शुरुआत ‘हमन नारी आवन वो, सबके महतारी आवन ग’ के माध्यम से नारी शक्ति के भाव को अभिव्यक्त करते हुए की। इसके बाद छत्तीसगढ़ के राज्य गीत ‘अरपा पैरी के धार’, भोजली गीत, सुवा गीत एवं नृत्य की प्रस्तुतियों ने प्रदेश की समृद्ध लोक परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की। बाबा गुरु घासीदास के संदेशों को पंथी नृत्य के माध्यम से प्रभावी ढंग से मंचित किया गया। वहीं कर्मा और ददरिया की प्रस्तुतियों ने छत्तीसगढ़ के लोकजीवन के सहज, आत्मीय और जीवंत रंगों को मंच पर साकार किया।

श्रीराम स्तुति की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में भक्ति का भाव भर दिया। वहीं छत्तीसगढ़ के तीज-त्योहारों और लोकपरंपराओं से नई पीढ़ी को परिचित कराने के उद्देश्य से ददरिया गीत की प्रस्तुति भी दी गई। विभिन्न लोकशैलियों, गीत-संगीत और नृत्य के सुंदर समन्वय ने दर्शकों को छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत से गहराई से जोड़ा।

उल्लेखनीय है कि भूपेन्द्र साहू लंबे समय से रंगमंच, लोककला और संगीत के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वे मध्यप्रदेश रंगमंडल, भारत भवन भोपाल से जुड़े रहे हैं तथा देश-विदेश के अनेक वरिष्ठ रंग निर्देशकों के साथ कार्य कर चुके हैं। वर्ष 2006 में उन्होंने ‘रंग सरोवर’ छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक कला मंच की स्थापना की। इस मंच के माध्यम से छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न राज्यों में लगभग 1000 मंचीय प्रस्तुतियां दी जा चुकी हैं।

भरथरी के नाट्य रूपांतरण एवं मंचन के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति पर उनके शोध एवं संकलन का कार्य भी उल्लेखनीय है। चक्रधर समारोह के मंच पर उनकी प्रस्तुति ने छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं को सहज, प्रभावी और जीवंत अंदाज में दर्शकों तक पहुंचाया। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशिमोहन सिंह एवं सुश्री उर्वशी देवी ने भूपेन्द्र साहू को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया।