निराला साहित्य मंडल चांपा के तत्वावधान में तुलसीदास जयंती का भव्य आयोजन

डी.बी. वेंचर्स सभागार में 19 अगस्त को जुटेंगे साहित्यकार, धर्मप्रेमी और साहित्य अनुरागी

चांपा। संत शिरोमणि, लोकनायक एवं मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के अनन्य भक्त तथा श्रीरामचरितमानस के अमर रचयिता महाकवि गोस्वामी तुलसीदास जी की पावन जयंती के अवसर पर चांपा में गरिमामय साहित्यिक एवं आध्यात्मिक आयोजन किया जाएगा। जिले की प्राचीन एवं प्रतिष्ठित साहित्यिक संस्था निराला साहित्य मंडल, चांपा एवं निराला महिला मंडल, चांपा के संयुक्त तत्वावधान में यह कार्यक्रम 19 अगस्त 2026, बुधवार को शाम 4 बजे डी.बी. वेंचर्स सभागार, कोरबा रोड, सिवनी चौक, चांपा में आयोजित होगा।

आयोजन में श्रीमद्भागवत महापुराण की विदुषी कथावाचिका एवं धर्म-अध्यात्म तथा संस्कार चेतना की संवाहिका श्रद्धेय दीदी सविता गोस्वामी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। उनके सान्निध्य से कार्यक्रम को आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक गरिमा प्राप्त होगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता निराला साहित्य मंडल, चांपा के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल करेंगे। वहीं कार्यक्रम के आयोजक एवं कार्यकारी अध्यक्ष तथा डी.बी. वेंचर्स के संचालक पं. धीरेन्द्र बाजपेयी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम में पं. दिनेश दुबे, पं. हरिहर प्रसाद तिवारी, पं. रामकिशोर शुक्ला, अखिलेश कोमल पाण्डेय एवं नागेंद्र गुप्ता मुख्य प्रवक्ता के रूप में अपनी विचारपूर्ण प्रस्तुति देंगे। वक्ताओं द्वारा महाकवि तुलसीदास के जीवन, उनके कालजयी साहित्य, भगवान श्रीराम के प्रति उनकी अनन्य भक्ति तथा श्रीरामचरितमानस के माध्यम से समाज को प्राप्त नैतिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक संदेशों पर सारगर्भित विचार रखे जाएंगे।

तुलसीदास जी का साहित्य भारतीय संस्कृति, लोकजीवन और आध्यात्मिक चेतना का महत्वपूर्ण आधार माना जाता है। श्रीरामचरितमानस के माध्यम से उन्होंने मर्यादा, कर्तव्य, त्याग, सेवा, करुणा और सदाचार जैसे जीवन-मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाया। ऐसे में उनकी जयंती पर आयोजित यह कार्यक्रम साहित्य और अध्यात्म के साथ-साथ भारतीय संस्कारों एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण का महत्वपूर्ण अवसर बनेगा।

निराला साहित्य मंडल के प्रधान सचिव डॉ. रविन्द्र द्विवेदी एवं निराला महिला मंडल की प्रधान सचिव संगीता अग्रवाल ने साहित्यकारों, शिक्षाविदों, साहित्य अनुरागियों, धर्मप्रेमियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं नगरवासियों से अधिकाधिक संख्या में कार्यक्रम में उपस्थित होकर आयोजन की गरिमा बढ़ाने का आग्रह किया है।

मीडिया प्रभारी शशिभूषण सोनी ने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पं. घनश्याम शर्मा संरक्षक, पं. रामगोपाल गौराहा कोषाध्यक्ष, डॉ. भारती शर्मा अध्यक्ष महिला मंडल, डॉ. कुमुदिनी द्विवेदी कार्यकारी अध्यक्ष तथा शशिभूषण सोनी मीडिया एवं प्रसार प्रभारी सहित डी.बी. वेंचर्स ग्रुप के नरेंद्र शर्मा, परिमल बाजपेयी, अजय शर्मा, मंसूर खान, कमल महंत, शंकर शर्मा एवं समस्त स्टाफ तैयारियों में जुटे हुए हैं।

आयोजन को लेकर साहित्य एवं धर्मप्रेमी समाज में उत्साह का वातावरण है। आयोजकों ने उम्मीद जताई है कि तुलसीदास जयंती का यह आयोजन चांपा की साहित्यिक एवं सांस्कृतिक परंपरा को और समृद्ध करेगा तथा नई पीढ़ी को तुलसी साहित्य और भारतीय जीवन-मूल्यों से जुड़ने की प्रेरणा देगा।