प्रेस रिपोर्टर क्लब कोरबा का भव्य आयोजन: पत्रकारों को मिला सम्मान, एकता और संघर्ष का संदेश

पत्रकारों की सुरक्षा, निष्पक्षता, संवैधानिक अधिकार और संगठनात्मक मजबूती पर प्रदेश पदाधिकारियों ने रखे प्रभावशाली विचार

कोरबा। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को मजबूत बनाने, पत्रकारों के हितों की रक्षा करने तथा निष्पक्ष एवं निर्भीक पत्रकारिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रेस रिपोर्टर क्लब जिला कोरबा द्वारा भव्य परिचय पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश एवं संभाग स्तर के पदाधिकारियों सहित विभिन्न जिलों से आए पत्रकार साथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों की सुरक्षा, संगठन की मजबूती, संवैधानिक अधिकारों और वर्तमान पत्रकारिता की चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात मंचासीन अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं सम्मान प्रतीक भेंट कर स्वागत किया गया। प्रेस रिपोर्टर क्लब जिला कोरबा की कार्यकारिणी द्वारा प्रदेश एवं संभागीय पदाधिकारियों सहित अन्य जिलों से आए अतिथियों का आत्मीय अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रदेश अध्यक्ष संजय सोनी, प्रदेश उपाध्यक्ष गौतम बाल बोंदरे, प्रदेश संरक्षक अनूप सोनी, कमल मित्तल, प्रदेश सचिव श्याम मोहन गुप्ता, महिला प्रकोष्ठ प्रदेश सचिव रिचा खंडेलवाल, संभागीय सचिव सतीश यादव एवं संभागीय फोटोग्राफर टीकाराम उपस्थित रहे। वहीं जिला कोरबा से जिला अध्यक्ष अहिमन लाल खरे, जिला संरक्षक बालकृष्ण मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष विजय कुमार सहिस, जिला कोषाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी धरम दास महंत, जिला सचिव पी. रविंद्र कुमार, जिला महासचिव भोला निषाद, अनिल सिंह, अजय वस्त्रकार, मिन्टु सारथी, दुर्गेश दास, सोनी कर्ष सहित बड़ी संख्या में पत्रकार सदस्य मौजूद रहे।

इसके अतिरिक्त बिलासपुर से जिला अध्यक्ष विजय साहू, सह सचिव रामकुमार साहू, जिला संगठन मंत्री संतोष पटेल तथा रायगढ़ से जिला अध्यक्ष हिमांशु चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिनका कोरबा जिला कार्यकारिणी द्वारा सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष संजय सोनी ने कहा कि संगठन की एकता ही पत्रकारों की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को अपने हितों के संरक्षण, सुरक्षा एवं स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए संगठित होकर कार्य करना होगा। भयमुक्त और निष्पक्ष पत्रकारिता ही लोकतंत्र को मजबूती प्रदान करती है तथा पत्रकारों का दायित्व है कि वे जनता की आवाज बनकर शासन-प्रशासन तक जनसमस्याएं पहुंचाएं।

प्रदेश उपाध्यक्ष गौतम बाल बोंदरे ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता का मूल धर्म सत्य, निष्पक्षता, जनहित और सत्ता से सवाल करना है। पत्रकारिता केवल समाचार प्रकाशित करने का माध्यम नहीं बल्कि समाज और लोकतंत्र को दिशा देने की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को संवैधानिक दायरे में रहकर कार्य करना चाहिए तथा समाजहित एवं जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि आज सोशल मीडिया, फेक न्यूज, प्रोपेगेंडा और राजनीतिक दबाव के दौर में पत्रकारों की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ गई है। पत्रकारों का कर्तव्य है कि वे तथ्य आधारित खबरें प्रस्तुत करें, भ्रष्टाचार, शोषण, अन्याय और प्रशासनिक अनियमितताओं को उजागर करें तथा समाज में सौहार्द बनाए रखने की दिशा में कार्य करें।

प्रदेश सचिव श्याम मोहन गुप्ता ने कहा कि प्रत्येक पत्रकार को भयमुक्त और पारदर्शी पत्रकारिता करने का अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर गंभीर पहल करने की मांग करते हुए कहा कि पत्रकार लोकतंत्र की रीढ़ हैं और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित होना आवश्यक है।

प्रदेश संरक्षक कमल मित्तल ने पत्रकारों के हितों एवं संरक्षण को लेकर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन को पत्रकारों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील होकर ठोस कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए आवश्यक है।

प्रदेश संरक्षक अनूप सोनी ने कहा कि पत्रकारिता हमेशा निष्पक्ष, निर्भीक और संवैधानिक मूल्यों पर आधारित होनी चाहिए। किसी भी भय, लोभ, लालच या स्वार्थ से ऊपर उठकर समाज और लोकतंत्र के हित में पत्रकारिता करना ही सच्ची पत्रकारिता है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को संविधान में प्रदत्त अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का सदुपयोग करते हुए जनता और शासन के बीच सेतु की भूमिका निभानी चाहिए।

महिला प्रकोष्ठ प्रदेश सचिव रिचा खंडेलवाल ने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में महिलाओं को बराबरी का सम्मान और अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने महिला पत्रकारों के सशक्तिकरण एवं महिलाओं से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने पत्रकारिता से जुड़े संवैधानिक अधिकारों और कर्तव्यों पर भी चर्चा की। विशेष रूप से अनुच्छेद 19(1)(a) के अंतर्गत अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को पत्रकारिता की आधारशिला बताते हुए कहा गया कि पत्रकारों को सत्य, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना चाहिए। इसके साथ ही अनुच्छेद 14, 21, 32 एवं 51A का उल्लेख करते हुए मानवाधिकार, सामाजिक न्याय, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा फेक न्यूज जैसे विषयों पर गंभीर पत्रकारिता करने की आवश्यकता बताई गई।

इसके उपरांत प्रेस रिपोर्टर क्लब जिला कोरबा के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को प्रदेश अध्यक्ष संजय सोनी के हाथों परिचय पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों एवं पत्रकार साथियों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई, जिसमें सभी ने सहभागिता निभाई।

यह आयोजन न केवल संगठनात्मक मजबूती का प्रतीक बना, बल्कि पत्रकारों की एकजुटता, सुरक्षा, संवैधानिक अधिकारों और स्वतंत्र पत्रकारिता के संकल्प को भी नई ऊर्जा प्रदान कर गया।