श्री सीताराम कल्याण महोत्सव में उमड़ी श्रद्धा, क्षेत्र में भक्तिमय माहौल

रामनवमी पर अन्नापूर्णा विहार में भव्य आयोजन, श्रद्धालुओं ने लिया आशीर्वाद

बिलासपुर। रामनवमी के पावन अवसर पर अन्नापूर्णा विहार स्थित सामुदायिक भवन, गणेश नगर वार्ड क्रमांक 46 में श्री सीताराम कल्याण महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। श्री रामनवमी कल्याण समिति एवं अन्नापूर्णा विहार कॉलोनी वासियों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह धार्मिक कार्यक्रम 26 मार्च 2026 से प्रारंभ होकर 30 मार्च 2026 तक संपन्न होगा।

महोत्सव के दौरान भगवान राम और सीता के पावन विवाह उत्सव (सीताराम कल्याण) का विधि-विधान से आयोजन किया जा रहा है। श्रीकाकुलम निवासी पंडित पाकाला वीर भद्र शर्मा के मार्गदर्शन में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना संपन्न हो रही है, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण व्याप्त है।

कार्यक्रम में वार्ड पार्षद इब्राहिम खान अब्दुल की उपस्थिति रही, जिन्होंने महोत्सव में शामिल होकर भगवान से वार्डवासियों के सुख, समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य एवं क्षेत्र के विकास की कामना की।

महोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रतिदिन उपस्थित होकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए समुचित व्यवस्थाएं की गई हैं।

यह महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक समरसता और एकता का भी संदेश दे रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह और भक्ति का वातावरण बना हुआ है।