शादी का भोज बना आफत: मुकुंदपुर में 33 लोग उल्टी-दस्त से बीमार, अस्पताल में कराया गया भर्ती

विजय साहू की रिपोर्ट –

बिलासपुर। विकासखंड मस्तूरी क्षेत्र के ग्राम पंचायत मुकुंदपुर में आयोजित एक शादी समारोह के बाद भोजन करने से करीब 33 लोग अचानक बीमार पड़ गए। सभी को उल्टी-दस्त की शिकायत होने पर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ और मस्तूरी अस्पताल में भर्ती कर उपचार कराया जा रहा है। बीमारों में बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार गांव के मंगलू पैकरा की बेटी की शादी 7 फरवरी को पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुई थी। शादी समारोह के बाद परिवारजनों और मेहमानों ने भोज में शामिल होकर भोजन किया। बताया जा रहा है कि खाने में टमाटर की चटनी, दाल तथा सुबह की बची हुई पत्ता गोभी की सब्जी भी परोसी गई थी।

रात तक सभी लोग सामान्य थे, लेकिन सुबह लगभग 4 बजे से अचानक कई लोगों को उल्टी और दस्त की शिकायत शुरू हो गई। देखते ही देखते एक-एक कर कई लोग बीमार पड़ने लगे, जिससे गांव में हड़कंप मच गया। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से सभी पीड़ितों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ और मस्तूरी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

पीड़ितों ने बताया कि उपचार के बाद हालत में कुछ सुधार जरूर हुआ है, लेकिन अभी भी सिर में भारीपन और कमजोरी महसूस हो रही है। चिकित्सकों की टीम मरीजों की निगरानी कर रही है और सभी की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

ग्रामीणों का अनुमान है कि बासी भोजन या किसी खाद्य पदार्थ के खराब होने के कारण फूड पॉइजनिंग की स्थिति बनी हो सकती है। मामले की जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क हो गया है और घटना की जांच की जा रही है।