






बिलासपुर। स्थानीय डी.पी. विप्र महाविद्यालय में 27 एवं 28 दिसंबर को दो दिवसीय राज्यस्तरीय कराते प्रतियोगिता का आयोजन कराते एसोसिएशन ऑफ इंडिया, बिलासपुर द्वारा किया गया। प्रतियोगिता में पूरे प्रदेश से 515 खिलाड़ी छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। यह प्रतियोगिता जूनियर, सब-जूनियर एवं सीनियर वर्गों में 5 वर्ष से 21 वर्ष एवं उससे अधिक आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए आयोजित की गई।
प्रतियोगिता का समापन समारोह 28 दिसंबर 2025 को रंगारंग एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में अजय श्रीवास्तव, डॉ. अरविंद कुमार तिवारी (कुलसचिव, सी.वी. रमन विश्वविद्यालय), डॉ. प्रमोद तिवारी (खेल संचालक, अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय), सालीन पुष्पराज (प्राचार्य, भारतमाता स्कूल) तथा रंजीत पवार (संचालक, छत्रपति शिवाजी महाविद्यालय) प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
समापन समारोह में अतिथियों ने खिलाड़ियों को मोबाइल से दूर रहकर खेल मैदान से जुड़ने का संदेश दिया तथा प्रतियोगिता के सफल एवं भव्य आयोजन के लिए कराते एसोसिएशन ऑफ इंडिया के कोषाध्यक्ष अविनाश सेठी की सराहना करते हुए बधाई दी।
राज्यस्तरीय कराते प्रतियोगिता के मुख्य आयोजक अविनाश सेठी ने बताया कि कराते केवल एक खेल नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली एवं आत्मरक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है, जिसे प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि आने वाले समय में बिलासपुर में राष्ट्रीय स्तर की कराते प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
प्रतियोगिता के परिणामस्वरूप पदक तालिका में 19 स्वर्ण, 6 रजत एवं 6 कांस्य पदकों के साथ बिलासपुर चैंपियन रहा। वहीं 12 स्वर्ण, 9 रजत एवं 4 कांस्य पदकों के साथ गौरेला-पेंड्रा-मरवाही ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता के 10 सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी
- ममता कश्यप – 3 स्वर्ण
- नव्या साहू – 2 स्वर्ण, 1 रजत
- अनय दास – 2 स्वर्ण
- हिमांशी साहू – 2 स्वर्ण
- अभिषेक सिंह – 1 स्वर्ण, 1 रजत
- भुवन भैना – 1 स्वर्ण, 1 रजत
- लालिमा चंद्र – 1 स्वर्ण, 1 रजत
- पलक साहू – 1 स्वर्ण, 1 रजत
- शेरा मारिया एंथोनी – 1 स्वर्ण, 1 रजत
- विप्र वर्निता पाठक – 1 स्वर्ण, 1 रजत
कार्यक्रम का मंच संचालन एम.एस. तंबोली द्वारा किया गया। टूर्नामेंट ऑफिशियल के रूप में सुशील चंद्रा (अध्यक्ष, कराते एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़), तापस बोस, अशोक वर्मा, प्रतीक सोनी, नीतू सिंह, संयुक्ता दास, मनोज यादव, ठाकुर कर्ण सिंह, फिजा बानो, अमन नामदेव, भुवन भैना, तनिष्क यादव, देवेंद्र यादव, याशु गबेल, अभिलाष नामदेव एवं राज किरण ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
यह जानकारी छत्तीसगढ़ कराते एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील चंद्रा द्वारा दी गई।
