विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य और नाटक की प्रस्तुतियों से दिखाई प्रतिभा, विभिन्न राज्यों के पारंपरिक व्यंजनों के साथ हुआ सामूहिक भोज

बिलासपुर। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बिलासपुर में भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर बाल दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित जवाहरलाल नेहरू के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य शरद कुमार कैवर्त ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनके सर्वांगीण विकास, रचनात्मकता एवं उज्ज्वल भविष्य के प्रति विद्यालय की प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने विद्यार्थियों को महापुरुषों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा शिक्षा एवं अच्छे कार्यों के माध्यम से देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
शिक्षक चंद्र कुमार जायसवाल ने बाल दिवस के महत्व तथा पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन, व्यक्तित्व और बच्चों के प्रति उनके विशेष स्नेह एवं विचारों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य, नाटक सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। इसके साथ ही विभिन्न राज्यों के पारंपरिक व्यंजनों पर आधारित सामूहिक भोज का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। पूरे विद्यालय परिसर में उमंग और उल्लास का वातावरण रहा।
कार्यक्रम का सफल संचालन अभिनव बोस, चेतन लाल आदित्य, लक्ष्मण कौशिक एवं प्रीति चंद्रा ने किया। समापन अवसर पर विद्यार्थियों को मिष्ठान वितरित कर बाल दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।


