
गणेश पंडालों में श्रद्धालुओं को यातायात नियमों की दी जानकारी, पंपलेट बांटकर किया जागरूक
बिलासपुर। लायंस क्लब बिलासपुर वसुंधरा द्वारा सड़क सुरक्षा के प्रति जनसमुदाय को जागरूक करने के उद्देश्य से लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गणेश उत्सव के दौरान विभिन्न गणेश पंडालों में पहुंचकर श्रद्धालुओं एवं पंडाल कार्यकर्ताओं को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान क्लब के सदस्यों ने गणेश पंडालों में सड़क सुरक्षा से संबंधित बैनर एवं पोस्टर लगाए तथा श्रद्धालुओं को जागरूकता पंपलेट वितरित किए। पंपलेट के माध्यम से ट्रैफिक सिग्नल का पालन, नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा नहीं करना, नाबालिग बच्चों को बिना लाइसेंस वाहन नहीं चलाने देना, तीन सवारी से बचना तथा दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने सहित विभिन्न यातायात नियमों की जानकारी दी गई।
क्लब सदस्यों ने पंडालों में कार्यरत कार्यकर्ताओं को भी पंपलेट उपलब्ध कराते हुए उनसे अनुरोध किया कि गणेश पंडाल में आने वाले श्रद्धालुओं तक सड़क सुरक्षा का संदेश पहुंचाएं और अधिक से अधिक लोगों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करें।
लायंस क्लब बिलासपुर वसुंधरा के सदस्यों ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल वाहन चालकों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। गणेश उत्सव जैसे सार्वजनिक आयोजनों के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों तक सड़क सुरक्षा का संदेश पहुंचाया जा सकता है। श्रद्धालुओं ने क्लब की इस जागरूकता पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में उपयोगी कदम बताया।
