
स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रमों में क्लब पदाधिकारियों ने की सहभागिता
बिलासपुर। स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर लायंस क्लब बिलासपुर वसुंधरा के पदाधिकारियों ने लायंस भवन में आयोजित समारोह में शामिल होकर ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष पीएमजेएफ संजना मिश्रा, सचिव मंजू मिश्रा, रीजन चेयरपर्सन अर्चना तिवारी, जोन चेयरपर्सन रश्मि लता मिश्रा तथा क्लब डायरेक्टर सलमा बेगम, सुधा परिहार और अनिमा मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान हुआ तथा देश की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में पीडीजी दिलीप भंडारी, प्रीतपाल बाली, रीजन चेयरपर्सन शैलेश वाजपेई सहित विभिन्न लायंस क्लबों से पहुंचे पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान वसुंधरा परिवार ने सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
इसके साथ ही शहर के एक प्रतिष्ठित शोरूम में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में लायंस क्लब बिलासपुर वसुंधरा की रीजन चेयरपर्सन अर्चना तिवारी को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया। क्लब की ओर से डॉ. शोभा त्रिपाठी भी कार्यक्रम में शामिल हुईं।
समारोह में ध्वजारोहण के बाद रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें छत्तीसगढ़ी वेशभूषा, लोकनृत्य और नृत्य-नाटिका के माध्यम से देशभक्ति की भावना को अभिव्यक्त किया गया। कार्यक्रम की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों में राष्ट्रप्रेम और गौरव की भावना का संचार किया।
लायंस क्लब बिलासपुर वसुंधरा के पदाधिकारियों ने उत्कृष्ट सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से जुड़े प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए नगद राशि प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर क्लब पदाधिकारियों ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति के संकल्प को मजबूत करने का दिन है।
