मां दाई शिक्षण समिति के अध्यक्ष बने हरीराम जायसवाल

सर्वसम्मति से संपन्न हुआ समिति का निर्वाचन, शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यालय विकास पर रहेगा विशेष जोर

बम्हनीडीह। मां दाई शिक्षण समिति, बम्हनीडीह द्वारा संचालित हायर सेकेंडरी सरस्वती शिशु मंदिर में समिति का निर्वाचन कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सर्वसम्मति से संपन्न हुआ। निर्वाचन प्रक्रिया ग्राम भारती, जिला जांजगीर-चांपा के सचिव देवप्रसाद तिवारी एवं समन्वयक नवल किशोर तिवारी की उपस्थिति में सम्पन्न कराई गई।

निर्वाचन में हरीराम जायसवाल को अध्यक्ष, अयोध्या डड़सेना को उपाध्यक्ष, शिव कुमार जायसवाल को सचिव, जितेन्द्र डड़सेना को सहसचिव तथा फुटबाल डड़सेना को कोषाध्यक्ष निर्वाचित किया गया। वहीं कार्यकारिणी सदस्य के रूप में भानु डड़सेना, रमेश डड़सेना, सोनचरण डड़सेना, तुलसी जायसवाल एवं दशरथ साहू निर्विरोध चुने गए।

बैठक में समिति के सभी सदस्य, विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे। नवनिर्वाचित अध्यक्ष हरीराम जायसवाल ने सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका प्रयास विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने, अनुशासन को सुदृढ़ करने तथा विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शैक्षणिक सुविधाएँ उपलब्ध कराने का रहेगा। उन्होंने सभी सदस्यों के सहयोग और सुझावों के साथ विद्यालय के सर्वांगीण विकास एवं निरंतर प्रगति के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।

बैठक के अंत में उपस्थित सदस्यों एवं विद्यालय परिवार ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का पुष्पगुच्छ एवं शुभकामनाओं के साथ स्वागत किया तथा उनके सफल एवं जनहितकारी कार्यकाल की कामना की।