अभद्र टिप्पणी मामले में प्रदेश अध्यक्ष ने पुलिस महानिरीक्षक को सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई की मांग

राजनांदगांव (छत्तीसगढ़)।प्रेस रिपोर्टर क्लब के सदस्यों एवं पदाधिकारियों के विरुद्ध सोशल मीडिया पर की गई अभद्र एवं मानहानिकारक टिप्पणी के मामले में प्रेस रिपोर्टर क्लब छत्तीसगढ़ ने सख्त रुख अपनाते हुए वैधानिक कार्रवाई की मांग तेज कर दी है।


प्रेस रिपोर्टर क्लब छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष संजय सोनी ने आज राजनांदगांव पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय पहुंचकर बोधन भट्ट के खिलाफ लिखित शिकायत प्रस्तुत करते हुए उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया व्हाट्सएप ग्रुप में संगठन एवं उसके पदाधिकारियों के लिए अत्यंत आपत्तिजनक एवं अपमानजनक शब्दों का प्रयोग कर संगठन की गरिमा एवं प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया गया है, जो कानूनन अपराध है।
प्रदेश अध्यक्ष संजय सोनी ने बताया कि प्रेस रिपोर्टर क्लब छत्तीसगढ़ द्वारा निर्णय लिया गया है कि प्रदेश के सभी जिला एवं ब्लॉक मुख्यालयों में संबंधित थाना में शिकायत प्रस्तुत कर संगठन की गरिमा बनाए रखने हेतु वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इसी क्रम में उन्होंने स्वयं पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत प्रस्तुत की और मामले में आरटीआई एवं मानहानि के तहत मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय में पुलिस उप अधीक्षक द्वारा प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया गया कि मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी तथा यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध उचित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष संजय सोनी के साथ प्रेस रिपोर्टर क्लब के प्रदेश संरक्षक शिव शंकर एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष राजेश चौथवानी भी उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि पत्रकार संगठन की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और भविष्य में भी संगठन अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए पत्रकारों की गरिमा की रक्षा हेतु सतत कार्य करता रहेगा।