स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति का लगातार 178वां पर्यावरण एवं स्वच्छता जागरूकता अभियान संपन्न

पौधारोपण, जल संरक्षण, गाजर घास उन्मूलन और स्वच्छता के लिए कई जिलों में चलाया गया जनजागरण अभियान

दुर्ग। “हरा-भरा, स्वच्छ धरा” के उद्देश्य को लेकर स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति छत्तीसगढ़ द्वारा संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल के मार्गदर्शन में लगातार 178वें सप्ताह पौधारोपण, जल संरक्षण, स्वच्छता, गाजर घास उन्मूलन एवं पर्यावरण संरक्षण को समर्पित व्यापक जनजागरूकता अभियान सफलतापूर्वक संचालित किया गया। अभियान के तहत दुर्ग, भिलाई, बालोद, रायपुर सहित विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता, पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियां आयोजित कर नागरिकों को प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया गया।

अभियान के अंतर्गत शिवनाथ नदी घाट, मुक्ति धाम गार्डन, महादेव घाट, श्री मनोकामेश्वर मंदिर, शिव दुर्गा मंदिर, कपिश्वर धाम, शिव पार्वती धाम, महाकाल मंदिर सुरेगांव, ग्राम अंजोरा तथा ग्राम पापरा सहित अनेक स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। स्वयंसेवकों ने गाजर घास को जड़ से उखाड़कर नष्ट किया, पौधों की देखभाल की तथा नदी, मंदिर और सार्वजनिक स्थलों से प्लास्टिक, पानी की बोतलें, गुटखा पाउच, पूजा सामग्री एवं अन्य कचरा एकत्र कर निर्धारित स्थान पर डंप किया।

समिति ने लोगों से सार्वजनिक स्थलों, नदी-तालाबों, मंदिर परिसरों एवं उद्यानों को स्वच्छ रखने तथा शराब सेवन के बाद गंदगी न फैलाने की अपील की। अभियान के दौरान जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति, पौधारोपण एवं गाजर घास उन्मूलन के संबंध में नारों, स्लोगनों और जनसंदेशों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया।

संस्थापक प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल ने कहा कि समिति पिछले पांच वर्षों से निरंतर जनजागरण अभियान चलाकर समाज को स्वच्छता, जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक कर रही है। उन्होंने नागरिकों से नदी-तालाबों में पूजा सामग्री एवं प्लास्टिक कचरा न डालने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। साथ ही नगर निगम से शिवनाथ नदी घाट पर एकत्रित कचरे का नियमित उठाव सुनिश्चित करने की मांग भी की।

प्रदेश कार्यकारिणी सदस्या थनेश्वरी हरदेल ने कहा कि स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति का उद्देश्य केवल सफाई करना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, नशामुक्ति, पौधारोपण और गाजर घास उन्मूलन के प्रति जागरूक बनाना है। समिति भविष्य में भी इसी प्रकार जनहित के अभियान निरंतर संचालित करती रहेगी।

अभियान में नवनीत कुमार हरदेल, सुरेन्द्र साहू, थनेश्वरी हरदेल, टीनल हरदेल, महेंद्र यादव, चितरंजन देशमुख, भानु शंकर बेलचंदन, कार्तिक राम चंद्राकर, भानु सिंह साहू, श्वेता जैन, निकिता शिंगणे, टिकेंद्र हरदेल, हर्ष देशमुख, भागीरथी सिन्हा, दाऊ लाल बघेल, संदीप ताम्रकार, देवेंद्र कहार, दुर्योधन साहू, राजेश कुमार, नरेंद्र देशमुख, विजय कुमार सिंह, तरुणा देशमुख, कामिन साहू, सरोज साहू, सारिका मेश्राम, श्याम राय, शंकर गुंडे सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों एवं नागरिकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।