
दुर्ग (छत्तीसगढ़)।
प्रेस रिपोर्टर क्लब के सदस्यों एवं पदाधिकारियों के विरुद्ध सोशल मीडिया पर की गई अभद्र एवं मानहानिकारक टिप्पणी के मामले में संगठन द्वारा प्रदेशभर में कार्रवाई की मांग तेज कर दी गई है। इसी क्रम में दुर्ग जिला प्रेस रिपोर्टर क्लब के जिला अध्यक्ष गोपाल निर्मलकर ने बोधन भट्ट पिता गेंदलाल द्वारा की गई अभद्र टिप्पणी के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की मांग करते हुए आईजी एवं एसपी कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत प्रस्तुत की।
जिला अध्यक्ष गोपाल निर्मलकर ने शिकायत में उल्लेख किया है कि बोधन भट्ट द्वारा सोशल मीडिया व्हाट्सएप ग्रुप में प्रेस रिपोर्टर क्लब एवं उसके पदाधिकारियों के विरुद्ध अत्यंत अपमानजनक एवं अमर्यादित शब्दों का प्रयोग किया गया है, जिससे संगठन की गरिमा एवं सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है। उन्होंने मांग की कि मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर विस्तृत जांच की जाए तथा भविष्य में इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सख्त कार्रवाई की जाए।
प्रेस रिपोर्टर क्लब के प्रदेश अध्यक्ष संजय सोनी ने बताया कि संगठन द्वारा निर्णय लिया गया है कि छत्तीसगढ़ के सभी जिला एवं ब्लॉक मुख्यालयों में संबंधित थाना एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को शिकायत प्रस्तुत कर संगठन की गरिमा की रक्षा हेतु वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि पत्रकार संगठन के विरुद्ध इस प्रकार की अभद्र टिप्पणी किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है और दोषी के विरुद्ध मानहानि एवं अन्य वैधानिक धाराओं के तहत कार्रवाई आवश्यक है।
इस दौरान प्रदेश संरक्षक शिव शंकर एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष राजेश चौथानी भी उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि पत्रकारों की सामाजिक प्रतिष्ठा एवं सुरक्षा के लिए प्रेस रिपोर्टर क्लब निरंतर सक्रिय है और भविष्य में भी संगठन अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए पत्रकारों की गरिमा की रक्षा हेतु संघर्ष करता रहेगा।
पुलिस अधिकारियों ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
