सेमरिया में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण

चिरायु दल बम्हनीडीह ने 62 विद्यार्थियों की स्वास्थ्य जांच की, तीन छात्राओं को उच्च स्वास्थ्य संस्थान किया रेफर

बिर्रा। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के अंतर्गत सोमवार को शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला सेमरिया में चिरायु दल बम्हनीडीह द्वारा छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में बच्चों की स्वास्थ्य जांच के साथ उन्हें बरसात के मौसम में स्वस्थ रहने के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी भी दी गई।

स्वास्थ्य परीक्षण दल में टीम लीडर आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. गुलशन कुमार निराला, आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. पिंकी यादव, फार्मासिस्ट निष्ठा महंत एवं एएनएम शशि चंद्रा शामिल रहीं। टीम ने विद्यालय के कुल 62 विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया, जिनमें 23 बालक एवं 39 बालिकाएं शामिल थीं।

जांच के दौरान 9 बालक एवं 18 बालिकाओं में विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं पाई गईं। इनमें 9 बालकों एवं 15 बालिकाओं का मौके पर ही उपचार किया गया, जबकि गंभीर स्वास्थ्य समस्या से ग्रसित 3 बालिकाओं को आगे की जांच एवं उपचार के लिए उच्च स्वास्थ्य संस्थान रेफर किया गया। आवश्यकता अनुसार बच्चों को निःशुल्क दवाइयों का भी वितरण किया गया।

इस अवसर पर डॉ. गुलशन कुमार निराला ने विद्यार्थियों को बरसात के मौसम में स्वास्थ्य सुरक्षा के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने सलाह दी कि कपड़ों को अच्छी तरह सुखाकर ही पहनें, गीले कपड़ों के उपयोग से बचें तथा व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने बरसात के मौसम में पानी-पूरी एवं अन्य खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों के सेवन से परहेज करने तथा भाजी एवं मछली जैसे खाद्य पदार्थों का सेवन सावधानीपूर्वक करने की भी सलाह दी।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधान पाठक डॉ. उमेश कुमार दुबे, टीकाराम गोपालन सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।