
महिलाओं के हस्तशिल्प एवं हथकरघा उत्पादों को मिला अच्छा प्रतिसाद, बड़ी संख्या में पहुंचे शहरवासी
बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर के राघवेन्द्र सभा हाल में आयोजित तीन दिवसीय सावन व्यापार मेला का समापन रविवार, 12 जुलाई को होगा। 10 से 12 जुलाई तक आयोजित इस मेले में महिलाओं द्वारा स्वयं तैयार किए गए हस्तशिल्प, हथकरघा तथा विभिन्न प्रकार के घरेलू एवं सजावटी उत्पादों का आकर्षक प्रदर्शन और विक्रय किया गया।
मेले का उद्देश्य महिला स्वावलंबन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय हस्तकला एवं पारंपरिक उत्पादों को प्रोत्साहित करना रहा। विभिन्न स्टॉलों के माध्यम से महिलाओं ने अपने हुनर का प्रदर्शन करते हुए स्वरोजगार, आत्मनिर्भरता और स्थानीय उत्पादों के उपयोग के प्रति समाज को जागरूक करने का संदेश दिया।
तीन दिनों तक चले इस आयोजन में शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर खरीदारी की तथा महिला उद्यमियों का उत्साहवर्धन किया। आयोजकों ने आम नागरिकों से समापन दिवस पर भी मेले में पहुंचकर स्थानीय उत्पादों का अवलोकन एवं खरीदारी कर महिला स्व-सहायता समूहों और हस्तशिल्प कलाकारों को प्रोत्साहित करने की अपील की है।
