तारबाहर की जनता ने फिर कायम रखी परंपरा, कांग्रेस प्रत्याशी शेख आजम 1062 मतों से विजयी

जनता ने विकास, भाईचारे और विश्वास की राजनीति पर लगाई मुहर; कांग्रेस नेताओं ने जताया आभार

बिलासपुर।नगर निगम उपचुनाव में वार्ड क्रमांक 29 तारबाहर-संजय गांधी नगर से कांग्रेस प्रत्याशी शेख आजम ने शानदार जीत दर्ज करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी मधुसूदन राव को 1062 मतों के बड़े अंतर से पराजित किया। चुनाव परिणामों के अनुसार कांग्रेस प्रत्याशी शेख आजम को 2339 मत प्राप्त हुए, जबकि भाजपा प्रत्याशी को 1277 मत मिले।

इस ऐतिहासिक जीत के बाद शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा, चुनाव प्रभारी एवं वार्ड क्रमांक 46 के पार्षद अब्दुल इब्राहिम खान, ब्लॉक अध्यक्ष तज्जमुल हक तथा वरिष्ठ कांग्रेसजनों ने वार्ड की जनता का आभार व्यक्त करते हुए इसे आम जनता की जीत बताया।

शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा ने कहा कि यह परिणाम जनता के विश्वास, कांग्रेस की जनहितकारी सोच और कार्यकर्ताओं की मेहनत का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि तारबाहर की जनता ने एक बार फिर भाईचारे, सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का काम किया है। जनता ने यह संदेश दिया है कि विकास, संवाद और जनसरोकारों की राजनीति को ही उनका समर्थन प्राप्त है।

पार्षद एवं चुनाव प्रभारी अब्दुल इब्राहिम खान ने कहा कि यह केवल किसी एक प्रत्याशी या राजनीतिक दल की जीत नहीं, बल्कि वार्ड की जागरूक जनता की जीत है। उन्होंने तारबाहर और संजय गांधी नगर के मतदाताओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि जनता ने कांग्रेस पर जो भरोसा और विश्वास जताया है, वह उनके लिए बड़ी जिम्मेदारी भी है। इस विश्वास को विकास कार्यों और जनसेवा के माध्यम से और मजबूत किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि आजाद भारत की जागरूक जनता ने लोकतंत्र को मजबूत करते हुए अपने मताधिकार का उपयोग किया है। वार्ड की जनता ने प्रेम, भाईचारा, एकता और सामाजिक सौहार्द की मिसाल पेश करते हुए विकास के पक्ष में अपना स्पष्ट जनादेश दिया है। यह जीत समाज के सभी वर्गों की सहभागिता और एकजुटता का परिणाम है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आने वाले समय में वार्ड की मूलभूत समस्याओं के समाधान, सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य जनसुविधाओं के विकास को प्राथमिकता दी जाएगी। जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करते हुए वार्ड को विकास की नई दिशा देने का प्रयास किया जाएगा।

कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने वार्ड की जनता के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता के सहयोग, समर्थन और विश्वास से प्राप्त यह विजय भविष्य में और अधिक जनसेवा करने की प्रेरणा देती है। नेताओं ने विश्वास दिलाया कि जनता के भरोसे को कायम रखते हुए क्षेत्र के विकास और जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा।