
गणेश नगर वार्ड क्रमांक 46 में डॉ. भीमराव रामजी आंबेडकर की जयंती बड़े ही श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उनके छायाचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा केक काटकर और मिठाई वितरण कर कार्यक्रम को उत्सव के रूप में मनाया गया।
कार्यक्रम में वार्ड पार्षद इब्राहिम खान की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने अपने संबोधन में बाबा साहेब के जीवन, संघर्ष और उनके ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डॉ. आंबेडकर ने समाज में व्याप्त ऊंच-नीच, भेदभाव और विषमता को समाप्त करने के लिए आजीवन संघर्ष किया। उनके द्वारा निर्मित भारतीय संविधान ने प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, स्वतंत्रता और न्याय का मार्ग प्रदान किया है।
पार्षद इब्राहिम खान ने कहा कि बाबा साहेब का सपना एक ऐसे समाज की स्थापना करना था, जहां समता, भाईचारा और न्याय की भावना सर्वोपरि हो। उन्होंने उपस्थित जनों से आह्वान किया कि वे डॉ. आंबेडकर के बताए मार्ग पर चलते हुए एक समतामूलक और सशक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान दें।
इस अवसर पर वार्ड के गणमान्य नागरिकों और युवाओं की सहभागिता ने कार्यक्रम को और भी गरिमामय बना दिया। कार्यक्रम के माध्यम से बाबा साहेब के आदर्शों और विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।
