


जरहागांव, 22 फरवरी 2026।
जी.जी.यू. एजुकेशन सोसायटी (पंजीयन क्रमांक 2865) जरहागांव द्वारा संचालित अनुराग व्ही.एम. स्कूल में आज सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता परीक्षा का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में अनुराग व्ही.एम. स्कूल के छात्र-छात्राओं के साथ-साथ आसपास के विद्यालयों—फरहादा, छतौना, बुचूवाकपा, ढोंठमा तथा अनुराग पब्लिक स्कूल दशरंगपुर—के विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था प्रमुख सुभद्रा कुमार राज कश्यप द्वारा भारत माता की प्रतिमा पर धूप-दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों को परीक्षा की रूपरेखा एवं उत्तर लेखन के तरीकों पर मार्गदर्शन देते हुए उनका मनोबल बढ़ाया गया। सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
संस्था द्वारा समय-समय पर सामाजिक और रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाता है, जिनमें नशा मुक्ति शिविर, स्वास्थ्य शिविर, वृक्षारोपण अभियान तथा “मृत्यु भोज वरदान नहीं, अभिशाप है” जैसे जनजागरूकता कार्यक्रम प्रमुख हैं।
इस प्रतियोगिता परीक्षा के सफल आयोजन में सुभद्रा कुमार राज कश्यप, जननी सिंह राजपूत, लक्ष्मी मानिकपुरी, हेमलता कश्यप, रोजलीन खुटे, सोनाली कश्यप, अमित कुमार सहित सभी शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
परीक्षा परिणाम 27 फरवरी 2026, शनिवार को आयोजित वार्षिक उत्सव कार्यक्रम में घोषित किया जाएगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को कार्यक्रम के मुख्य अतिथि द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
