
मस्तूरी (बिलासपुर)। प्रेस रिपोर्टर क्लब जिला बिलासपुर के तत्वावधान में मस्तूरी विकासखंड के ग्राम केवटाडीह (भुतहा) में वरिष्ठ नागरिकों एवं पत्रकारों के सम्मान में गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को मंच पर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष संजय सोनी तथा प्रदेश संयोजक राजू सोनी की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम का सफल आयोजन जिला अध्यक्ष विजय कुमार साहू एवं सदस्य संतोष कुमार पटेल के अथक प्रयासों और सहयोग से संपन्न हुआ।
समारोह के दौरान पचपेड़ी तहसीलदार नीलम सिंह पिस्दा को उनके उत्कृष्ट प्रशासनिक कार्यों, निष्पक्ष कार्यशैली और जनहित में प्रभावी निर्णयों के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। अपने पद की गरिमा के अनुरूप दायित्वों का कुशल निर्वहन, राजस्व संबंधी मामलों में पारदर्शिता तथा आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में किए गए सराहनीय प्रयासों को देखते हुए स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान अर्पित किया गया।
जिला अध्यक्ष विजय कुमार साहू के साथ सदस्य संतोष कुमार पटेल एवं भुवन लाल पटेल द्वारा नीलम सिंह पिस्दा को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों को समाज के मार्गदर्शक के रूप में सम्मानित किया गया, वहीं पत्रकारों को लोकतंत्र के सशक्त स्तंभ के रूप में उनकी निष्पक्ष और निर्भीक भूमिका के लिए सराहा गया। उपस्थित अतिथियों ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा, संवाद और पारस्परिक सम्मान की भावना को सुदृढ़ करते हैं।
प्रेस रिपोर्टर क्लब द्वारा भविष्य में भी समाजहित के ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प लिया गया।
