
राजनांदगांव।अमलीडीह एवं गिधवा क्षेत्र के ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की लंबित मांग को लेकर 9 फरवरी 2026 को एक दिवसीय धरना प्रदर्शन और चक्काजाम करने की घोषणा की है। इस संबंध में ग्रामीणों ने कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक तथा एसडीएम डोंगरगढ़ को ज्ञापन सौंपकर प्रशासन को पूर्व सूचना दी है।
ग्रामीणों के अनुसार अमलीडीह–गिधवा सड़क के डामरीकरण की मांग लंबे समय से की जा रही है। ग्राम अमलीडीह, गिधवा सहित आसपास के किसानों, मजदूरों, श्रमिकों और रहवासियों ने कई बार क्षेत्रीय विधायक और सांसद को इस सड़क की खराब स्थिति से अवगत कराया है। जनप्रतिनिधियों द्वारा सड़क निर्माण की प्रक्रिया जारी होने की जानकारी दी गई, लेकिन अब तक स्थल पर कोई निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि सड़क के डामरीकरण की प्रक्रिया चल रही है तो उसकी स्पष्ट जानकारी ग्रामवासियों को क्यों नहीं दी गई, और यदि प्रक्रिया प्रारंभ नहीं हुई है तो जनप्रतिनिधियों द्वारा गलत जानकारी देकर जनता को भ्रमित क्यों किया जा रहा है। इसी मुद्दे को लेकर ग्रामवासियों में आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों ने निर्णय लिया है कि शासन-प्रशासन को समस्या से अवगत कराने और सड़क निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग को लेकर 9 फरवरी, सोमवार को मलईडबरी (टप्पा) हाईवे चौक के समीप सुबह 11 बजे से एक दिवसीय धरना प्रदर्शन एवं चक्काजाम किया जाएगा।
धरना शांतिपूर्ण और अनुशासनात्मक तरीके से आयोजित करने की बात कहते हुए ग्रामीणों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था और सहयोग प्रदान करने की मांग की है।
यह कार्यक्रम “कर्तव्य न्याय भागीदारी आंदोलन” के संयोजक शिवशंकर सिंह एवं समस्त ग्रामवासियों के नेतृत्व में आयोजित किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के बड़ी संख्या में ग्रामीणों के शामिल होने की संभावना है।
