
‘युवा संकल्प से विकल्प’ कार्यक्रम के तहत अक्टूबर-नवंबर में बम्हनीडीह में होगा आयोजन, बीईओ बसंत चतुर्वेदी ने वित्त मंत्री से की सौजन्य भेंट
बम्हनीडीह। वित्त मंत्री एवं जांजगीर-चांपा जिले के प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी के मुख्य आतिथ्य में ‘युवा संकल्प से विकल्प’ कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय कैरियर मार्गदर्शन, क्विज प्रतियोगिता एवं विद्यार्थी प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन अक्टूबर-नवंबर में बम्हनीडीह में किया जाएगा। आयोजन को लेकर तैयारियां प्रारंभ हो गई हैं।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी बसंत चतुर्वेदी ने वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी से सौजन्य भेंट कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस दौरान वित्त मंत्री ने बीईओ के दायित्वों का कुशलतापूर्वक एवं प्रभावी निर्वहन करने के संबंध में महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार एवं व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए प्रेरित किया। बीईओ ने उन्हें बम्हनीडीह ब्लॉक में संचालित विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी भी दी।
‘युवा संकल्प से विकल्प’ कार्यक्रम की शुरुआत वर्ष 2014 में तत्कालीन कलेक्टर ओ.पी. चौधरी द्वारा जांजगीर-चांपा जिले में की गई थी। तब से पिछले 12 वर्षों से बम्हनीडीह ब्लॉक, जांजगीर-चांपा एवं सक्ती जिले में प्रतिवर्ष कैरियर मार्गदर्शन, क्विज प्रतियोगिता एवं विद्यार्थी प्रतिभा सम्मान समारोह का सफल आयोजन किया जा रहा है।
बीईओ बसंत चतुर्वेदी ने बताया कि जिला कलेक्टर जन्मेजय महोबे एवं जिला शिक्षा अधिकारी अशोक सिन्हा के मार्गदर्शन में कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जाएगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों को अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जाएगा। वहीं कैरियर मार्गदर्शक के रूप में के.एन. पटेल, जिला रोजगार अधिकारी रायपुर एवं संयुक्त नियंत्रक कर्मचारी चयन आयोग (प्रभारी, नालंदा एवं तक्षशिला लाइब्रेरी, रायपुर), हिमांशु मिश्रा, उप संचालक डीपीआई सहित अन्य विशेषज्ञ विद्यार्थियों को कैरियर संबंधी मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
आयोजन को लेकर बम्हनीडीह विकासखंड के शिक्षकों में विशेष उत्साह है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2015 में ओ.पी. चौधरी के कलेक्टर रहते बम्हनीडीह में ऐतिहासिक कैरियर मार्गदर्शन कार्यक्रम का सफल आयोजन हुआ था।
