

बिलासपुर/इम्फाल। छत्तीसगढ़ की प्रतिभाशाली खिलाड़ी एवं खेल प्रशिक्षक मृणाली सिंह ने राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए नेशनल थांग-टा टेक्निकल ऑफिशियल एवं कोचेज़ ट्रेनिंग-2026 सफलतापूर्वक पूर्ण कर राष्ट्रीय रेफरी (National Referee) की पात्रता प्राप्त की है।
यह प्रतिष्ठित प्रशिक्षण कार्यक्रम Thang-Ta Federation of India के तत्वावधान में Huyel Langlon Thang-Ta Association, Manipur द्वारा 27 से 30 मई 2026 तक इम्फाल पश्चिम, मणिपुर स्थित थांग-टा शांगलेन, युमनाम हुइद्रोम मखा लैकाई में आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण पूर्ण करने के उपरांत मृणाली सिंह को प्रमाण-पत्र क्रमांक TTFI/NTTTOCT/26/31 प्रदान किया गया। उन्होंने तकनीकी अधिकारियों एवं प्रशिक्षकों के लिए निर्धारित राष्ट्रीय स्तर की सभी आवश्यकताओं को सफलतापूर्वक पूरा किया, जिसके फलस्वरूप उन्हें राष्ट्रीय रेफरी के रूप में मान्यता प्रदान की गई।

मृणाली सिंह की इस उपलब्धि से Chhattisgarh Thang-Ta Association सहित प्रदेश के खेल जगत में हर्ष का वातावरण है। खेल प्रेमियों एवं थांग-टा खिलाड़ियों ने इसे छत्तीसगढ़ के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
खेल विशेषज्ञों का मानना है कि राष्ट्रीय रेफरी के रूप में मृणाली सिंह की नियुक्ति से छत्तीसगढ़ में थांग-टा खेल के तकनीकी विकास, प्रतियोगिताओं के बेहतर संचालन तथा नए खिलाड़ियों के प्रशिक्षण को मजबूती मिलेगी। उनकी इस सफलता ने प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।
मृणाली सिंह को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर खेल जगत, खिलाड़ियों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा शुभकामनाएं एवं बधाइयाँ दी जा रही हैं।
