


बिलासपुर। रेलवे नार्थ इंस्टीट्यूट मैदान में साउथ ईस्ट सेंटर रेलवे मजदूर कांग्रेस यूनियन के तत्वावधान में भव्य रात्रिकालीन फ्लड लाइट क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। खेल प्रेमियों और रेलवे कर्मचारियों के उत्साह से सराबोर यह प्रतियोगिता 19 फरवरी से प्रारंभ होकर 15 मार्च तक चलेगी, जिसमें प्रतिदिन चार रोमांचक मुकाबले खेले जा रहे हैं।
इस प्रतियोगिता में रेलवे के विभिन्न विभागों की कुल 36 टीमें भाग ले रही हैं। विशेष बात यह है कि इस आयोजन में महिला क्रिकेट टीमों को भी शामिल किया गया है, जिससे खेल के प्रति समान अवसर और प्रोत्साहन का संदेश दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिलासपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक विशाल गर्ग, पार्षद गणेश नगर वार्ड क्रमांक 46 इब्राहिम खान (अब्दुल), मजदूर कांग्रेस डिविजन कॉर्डिनेटर विजय अग्निहोत्री, उपडिविजन कॉर्डिनेटर रवि धल तथा पार्षद प्रतिनिधि राज बंजारे उपस्थित रहे। साथ ही टी. रमेश बाबू, इरफान अली, साईं किरण, हेमंत सिंह परिहार, अनिल स्वर्णकार एवं गौरी शंकर आईच की उपस्थिति में आयोजन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी प्रतियोगिता में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर रहे हैं तथा प्रत्येक मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को “मैन ऑफ द मैच” पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित कर रहे हैं।
इस अवसर पर पार्षद इब्राहिम खान (अब्दुल) ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल मानव जीवन का अभिन्न अंग है। खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाते हैं, बल्कि मानसिक संतुलन, अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि आज के व्यस्त जीवन में खेल व्यक्ति को तनावमुक्त रखते हैं और समाज में भाईचारे, एकता तथा सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि ऐसे आयोजन कर्मचारियों के भीतर छिपी प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान करते हैं और आपसी समन्वय को मजबूत बनाते हैं। खेल मैदान में पसीना बहाने वाले खिलाड़ी जीवन की चुनौतियों का सामना भी मजबूती से करते हैं।
प्रतियोगिता का आयोजन क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और कर्मचारियों में उत्साह, स्वास्थ्य एवं सौहार्द्र की भावना को सशक्त करने की दिशा में एक सराहनीय पहल माना जा रहा है। लगातार बढ़ती दर्शकों की उपस्थिति इस बात का प्रमाण है कि खेल समाज को जोड़ने का सशक्त माध्यम है।
