शासकीय उच्च माध्यमिक शाला जेवरा में विज्ञान मेले का उत्साहपूर्ण आयोजन

विजय साहू की रिपोर्ट –

जेवरा।शासकीय उच्च माध्यमिक शाला जेवरा में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर विज्ञान मेले का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न वैज्ञानिक मॉडल एवं प्रोजेक्ट प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा और नवाचार क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

विज्ञान मेले में विद्यार्थियों ने स्वनिर्मित मॉडल के माध्यम से अनेक वैज्ञानिक सिद्धांतों को सरल एवं रोचक ढंग से प्रस्तुत किया। छात्रों ने अम्ल एवं क्षार से जुड़े प्रयोगों का प्रदर्शन किया, लिटमस एवं अन्य संकेतकों के उपयोग से रासायनिक पदार्थों की पहचान कराई, जल के शुद्धिकरण की विभिन्न विधियों को समझाया तथा जल से संबंधित प्रयोग प्रस्तुत किए। इसके साथ ही चुंबकीय एवं अचुंबकीय पदार्थों का परीक्षण, हवा के गुणों का प्रयोगात्मक प्रदर्शन, रंगों के परावर्तन का निर्माण, तापमापी का उपयोग एवं विभिन्न उपकरणों की कार्यप्रणाली का भी प्रभावी प्रदर्शन किया गया।

मेले के माध्यम से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक सोच, रचनात्मकता एवं आत्मविश्वास का विकास हुआ। विद्यालय परिवार ने इस सफल आयोजन के लिए सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के सरपंच वैशाली चंद्राकर, उपसरपंच विजय बघेल, राजकुमार कश्यप (पालक), भिलेंद्र कुमार जांगड़े (शिक्षक प्रतिनिधि), अशोक कुमार दिनकर (विज्ञान शिक्षक), शिवपाल सिंह मंथी (शिक्षक), रजनीश कुमार ध्रुव (प्रधान पाठक), अभिषेक चंद्राकर (शिक्षक), हेमप्रकाश तिवारी, सुनील दुबे सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

विद्यालय परिवार ने विज्ञान मेले को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन निरंतर करते रहने का संकल्प व्यक्त किया।