
बालोद। प्रेस रिपोर्टर क्लब के प्रदेश पदाधिकारियों द्वारा आज बालोद जिले की कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा से सौजन्य मुलाकात की गई। इस अवसर पर प्रदेश संयोजक राजू सोनी, प्रदेश अध्यक्ष संजय सोनी तथा प्रेस रिपोर्टर क्लब बालोद जिला अध्यक्ष तरुण नाथ योगी उपस्थित रहे। मुलाकात के दौरान शासन-प्रशासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई।
इस अवसर पर प्रेस रिपोर्टर क्लब के प्रदेश संयोजक राजू सोनी ने कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है और बालोद जिला प्रशासन इस दिशा में मजबूती से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि जिले में योजनाओं के क्रियान्वयन की जो गति दिखाई दे रही है, वह सराहनीय है और आम जनता तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में प्रशासन की भूमिका महत्वपूर्ण है।
प्रदेश अध्यक्ष संजय सोनी ने कहा कि शासन की योजनाओं का सही और पारदर्शी क्रियान्वयन अत्यंत आवश्यक है। यदि किसी भी योजना में कहीं त्रुटि या अनियमितता सामने आती है तो उस पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से अपेक्षा व्यक्त की कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर त्वरित निर्णय लेकर आम जनता को राहत पहुंचाई जाए तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनी रहे।
बालोद जिला अध्यक्ष तरुण नाथ योगी ने कहा कि बालोद जिला विकास के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में सकारात्मक परिवर्तन दिखाई दे रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में आने वाले समय में बालोद जिले की विकास गति और तेज होगी तथा जिले को विकास के मॉडल के रूप में पहचान मिलेगी।
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने प्रेस रिपोर्टर क्लब के पदाधिकारियों से सकारात्मक संवाद करते हुए कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने पत्रकारों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि योजनाओं की सही जानकारी जनता तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण है।
