
छत्तीसगढ़।प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर चल रही गंभीर अनियमितताओं, निजी डायग्नोस्टिक सेंटरों की मनमानी और बिना निर्धारित मापदंडों के कार्य कर रहे तथाकथित ग्रामीण चिकित्सकों की बढ़ती गतिविधियों को लेकर प्रेस रिपोर्टर क्लब ने अब पूरी तरह आक्रामक रुख अपना लिया है। संगठन ने साफ कर दिया है कि जनता के स्वास्थ्य और जीवन से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ अब सहन नहीं किया जाएगा और यदि समय रहते सुधार नहीं हुआ तो पूरे प्रदेश में बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा।
प्रेस रिपोर्टर क्लब के प्रदेश अध्यक्ष संजय सोनी ने कड़े शब्दों में कहा कि प्रदेश के अनेक ग्रामीण और अर्धशहरी क्षेत्रों से लगातार ऐसी शिकायतें सामने आ रही हैं, जहां कुछ निजी डायग्नोस्टिक सेंटर बिना मान्यता, बिना योग्य विशेषज्ञों और बिना निर्धारित मानकों के जांच कार्य संचालित कर रहे हैं। कई स्थानों पर तथाकथित ग्रामीण चिकित्सकों के माध्यम से मरीजों को अनावश्यक जांच के लिए भेजा जा रहा है, जिससे गरीब और अशिक्षित जनता आर्थिक शोषण का शिकार हो रही है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण महिलाओं और गरीब परिवारों को बीमारी का भय दिखाकर महंगे टेस्ट कराए जा रहे हैं, जबकि कई मामलों में जांच की गुणवत्ता और विश्वसनीयता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े हो रहे हैं। यह स्थिति अत्यंत चिंताजनक है और सीधे-सीधे जनस्वास्थ्य से जुड़ी है। यदि जांच रिपोर्ट ही संदिग्ध होगी, तो मरीजों का सही इलाज कैसे संभव होगा — यह सबसे बड़ा सवाल है।
प्रदेश अध्यक्ष संजय सोनी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा का क्षेत्र अत्यंत संवेदनशील होता है, जहां पारदर्शिता, विशेषज्ञता और मानकों का पालन अनिवार्य है। लेकिन कुछ स्थानों पर केवल आर्थिक लाभ के लिए नियमों को दरकिनार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह केवल नैतिक चूक नहीं, बल्कि गंभीर दायित्वहीनता है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
प्रेस रिपोर्टर क्लब ने इस पूरे विषय को गंभीरता से लेते हुए प्रदेशव्यापी सर्वे अभियान चलाने की घोषणा की है। संगठन की टीम गांव-गांव जाकर ग्रामीण महिलाओं, मरीजों और आम नागरिकों से जानकारी एकत्रित करेगी। यह पता लगाया जाएगा कि किन क्षेत्रों में अनियमित जांच, अनावश्यक टेस्ट और संदिग्ध गतिविधियां संचालित हो रही हैं। इस सर्वे के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर राज्य शासन और स्वास्थ्य विभाग को सौंपा जाएगा, ताकि ठोस कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
प्रेस रिपोर्टर क्लब ने निजी डायग्नोस्टिक सेंटरों को खुली चेतावनी देते हुए कहा है कि वे तत्काल अपने कार्यों में पारदर्शिता लाएं, निर्धारित मानकों का पालन करें और किसी भी प्रकार की अनियमित गतिविधि से दूर रहें। यदि आने वाले समय में शिकायतों का सिलसिला जारी रहा और नियमों की अनदेखी होती रही, तो प्रेस रिपोर्टर क्लब प्रदेशभर में जनजागरण अभियान, धरना-प्रदर्शन, प्रशासनिक घेराव और जनआंदोलन जैसे कठोर कदम उठाने को बाध्य होगा।
प्रदेश अध्यक्ष संजय सोनी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रेस रिपोर्टर क्लब अब जनता की आवाज बनकर हर उस मुद्दे को उठाएगा, जहां आम नागरिकों के अधिकारों और स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। संगठन किसी भी प्रकार की दबाव या प्रभाव में आए बिना सच्चाई को सामने लाने का कार्य करेगा और जरूरत पड़ी तो संबंधित विभागों से लेकर उच्च स्तर तक शिकायत और जांच की मांग करेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रेस रिपोर्टर क्लब का उद्देश्य किसी संस्था या व्यक्ति को बदनाम करना नहीं, बल्कि व्यवस्था को सुधारना और जनता को सुरक्षित स्वास्थ्य सुविधा दिलाना है। यदि सभी निजी स्वास्थ्य संस्थान नियमों और मानकों का पालन करते हैं तो किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न ही नहीं होगा। लेकिन यदि नियमों की अनदेखी जारी रही, तो प्रेस रिपोर्टर क्लब जनहित में निर्णायक संघर्ष के लिए पूरी तरह तैयार है।
अब प्रदेश की जनता की निगाहें इस पूरे घटनाक्रम पर टिकी हुई हैं। लोगों को उम्मीद है कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े इस गंभीर विषय पर ठोस कार्रवाई होगी और अनियमितताओं पर लगाम लगेगी। वहीं प्रेस रिपोर्टर क्लब ने भी साफ संकेत दे दिए हैं कि जनस्वास्थ्य से जुड़े इस मुद्दे पर अब समझौता नहीं होगा और आवश्यकता पड़ी तो प्रदेशव्यापी आंदोलन कर व्यवस्था को जवाबदेह बनाया जाएगा।
