बोधन भट्ट के खिलाफ थाना सनौद में शिकायतप्रेस रिपोर्टर क्लब के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी पर कार्रवाई की मांग

बालोद/पालारी :- प्रेस रिपोर्टर क्लब के सदस्यों एवं पदाधिकारियों के विरुद्ध सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक एवं मानहानिकारक टिप्पणी के मामले में अब कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। संगठन की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध प्रेस रिपोर्टर क्लब पदाधिकारियों द्वारा पुलिस प्रशासन को शिकायत सौंपकर वैधानिक कार्रवाई की मांग की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रेस रिपोर्टर क्लब के विरुद्ध अपमानजनक टिप्पणी करने वाले बोधन भट्ट के खिलाफ प्रेस रिपोर्टर क्लब जिला बालोद उपाध्यक्ष उत्तम साहू, ब्लाक अध्यक्ष रिखीराम साहू, पत्रकार रवि कोसरे आदि द्वारा सनौद थाना में लिखित शिकायत प्रस्तुत की गई है। थाना सनौद पुलिस द्वारा शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले में उचित जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया है। इसी क्रम में सोशल मीडिया व्हाट्सएप ग्रुप में प्रेस रिपोर्टर क्लब के सदस्यों को लेकर अभद्र भाषा का प्रयोग करने वाले बोधन भट्ट, निवासी ग्राम पंचायत मालीघोरी, जिला बालोद के विरुद्ध भी शिकायत पत्र को संलग्न करते हुए कार्रवाई की मांग की गई है। संबंधित व्यक्ति द्वारा संगठन के लिए अत्यंत अमर्यादित एवं अपमानजनक शब्दों का प्रयोग कर प्रेस रिपोर्टर क्लब की गरिमा एवं सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया गया है। प्रेस रिपोर्टर क्लब ब्लाक गुरूर अध्यक्ष रिखीराम साहू ने कहा कि संगठन एक पंजीकृत एवं सम्मानित पत्रकार संगठन है, जो जनहित एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाता है। ऐसे में संगठन के विरुद्ध इस प्रकार की आपत्तिजनक टिप्पणी करना कानूनन अपराध है और इस पर सख्त कार्रवाई आवश्यक है।